बिलासपुर जिले में कड़ाके की ठंड के बीच अब घने कोहरे ने भी अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। गुरुवार सुबह जिले के कई हिस्सों, विशेषकर गोबिंद सागर झील के तटीय इलाकों और कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर कोहरे की घनी चादर लिपटी रही। स्थिति यह थी कि सुबह 9:30 बजे तक फोरलेन पर दृश्यता इतनी कम रही कि वाहन चालकों को दिन में ही हेडलाइट्स जलाकर सफर तय करना पड़ा। झील के किनारे बसे क्षेत्रों में सुबह कोहरा इतना ज्यादा था कि सामने से आ रहे वाहन दिखाई नहीं दे रहे थे। सुरक्षा के मद्देनजर वाहन चालकों को अपने वाहनों की रफ्तार कम करनी पड़ी। फोरलेन पर दृश्यता घटकर मात्र 50 मीटर रह गई थी, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। पुलिस प्रशासन ने भी वाहन चालकों से अपील की है कि वे कोहरे के दौरान फॉग लाइट्स का इस्तेमाल करें और ओवरटेकिंग से बचें ताकि हादसों को रोका जा सके।