श्री नयना देवी मंदिर में माता रानी के दर्शन कर उत्तर प्रदेश लौट रहे श्रद्धालुओं की बस मंगलवार को गरामोड़ टोल प्लाजा के पास एक कार से टकरा गई। हादसे में कार को काफी नुकसान पहुंचा, जबकि बस में सवार सभी श्रद्धालु सुरक्षित रहे। गनीमत रही कि हादसे में किसी को चोट नहीं आई। जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के श्रद्धालु श्री नयना देवी मंदिर में दर्शन करने के बाद बस से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान गरामोड़ टोल प्लाजा के पास बस अचानक अनियंत्रित हो गई और टोल प्लाजा पर पर्ची कटवा रही एक कार से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार को काफी नुकसान पहुंचा। बस चालक के अनुसार अचानक बस के ब्रेक फेल हो गए, जिस कारण बस पर नियंत्रण नहीं रहा और वह सामने खड़ी कार से टकरा गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, बस में सवार श्रद्धालुओं को कोई चोट नहीं आई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे के कारणों की छानबीन शुरू कर दी।