जिला बिलासपुर में पंचायती राज चुनाव के पहले चरण के तहत मंगलवार को 62 ग्राम पंचायतों में मतदान होगा। प्रशासन ने शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले में कुल 428 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं, जिनमें 254 सामान्य, 115 संवेदनशील और 59 अति-संवेदनशील मतदान केंद्र शामिल हैं। सभी संवेदनशील और अति-संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि इस चरण में कुल 1,69,324 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान सुबह 7:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक होगा। प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे मतदान केंद्र पहुंचने से पहले वोटर लिस्ट में अपना नाम अवश्य जांच लें तथा अपने साथ एपीआईसी कार्ड, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या अन्य वैध पहचान पत्र लेकर आएं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मतदान केंद्र के अंदर मोबाइल फोन, कैमरा या किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा मतदान केंद्र के 100 मीटर के दायरे में किसी भी राजनीतिक दल का प्रचार, झंडा, टोपी, गमछा या चुनाव चिन्ह प्रदर्शित करना भी आचार संहिता का उल्लंघन माना जाएगा। चूंकि चुनाव बैलेट पेपर के माध्यम से हो रहे हैं, इसलिए मतदाताओं को बैलेट पेपर सही तरीके से मोड़ने के निर्देश भी दिए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार वोट डालने के बाद बैलेट पेपर को खड़े रूप में मोड़ना जरूरी है। यदि बैलेट पेपर को आड़ा या गलत तरीके से मोड़ा गया तो मोहर की स्याही दूसरे स्थान पर लग सकती है, जिससे वोट निरस्त होने की संभावना रहेगी। प्रशासन ने मतदाताओं को चेतावनी दी है कि किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर वोट डालना, मतदाताओं को प्रलोभन देना या बैलेट पेपर की फोटो खींचना कानूनन अपराध है और ऐसे मामलों में तुरंत सख्त कार्रवाई की जाएगी। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद ग्राम पंचायतों के मतों की गिनती शुरू कर दी जाएगी, जबकि जिला परिषद और बीडीसी सीटों की मतगणना 31 मई को होगी। गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने मतदाताओं से छाता और पानी साथ रखने तथा सुबह जल्दी मतदान केंद्र पहुंचने की अपील भी की है।