प्रदेश कांग्रेस के पूर्व मीडिया कॉर्डिनेटर संदीप सांख्यान ने नीट पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है।उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में देशभर में करीब 90 परीक्षाओं के पेपर लीक हुए हैं, जिनमें पांच बार नीट परीक्षा भी प्रभावित हुई। इससे लाखों विद्यार्थियों और उनके परिवारों का भविष्य संकट में पड़ा है। उन्होंने कहा कि डॉक्टर बनने का सपना लेकर वर्षों तक मेहनत करने वाले होनहार छात्रों के सपने बार-बार टूट रहे हैं, लेकिन इसके लिए कोई जवाबदेही तय नहीं हो रही। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने में विफल रही है। संदीप सांख्यान ने कहा कि पेपर लीक होने से केवल विद्यार्थियों के सपने ही नहीं टूटते, बल्कि पूरा परिवार मानसिक और आर्थिक रूप से प्रभावित होता है। उन्होंने कहा कि देश का युवा आज जवाब मांग रहा है और शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग कर रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार और जांच एजेंसियों से यह स्पष्ट करने की मांग की कि पेपर लीक मामलों में अब तक कितने लोगों की गिरफ्तारी हुई, कितनों को सजा मिली और प्रभावित युवाओं को कितना न्याय मिल पाया। उन्होंने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक शिक्षा प्रणाली पर बड़ा सवाल खड़ा कर रहे हैं। सांख्यान ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है और देश में युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को अपनी नीतियों और व्यवस्था की कमियों पर आत्ममंथन करना चाहिए।