तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने गुरुवार को घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र की नवगठित कुठेड़ा-मरहाणा ग्राम पंचायत के कार्यालय का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतें गांवों में सरकार की सबसे नजदीकी इकाई हैं और इनके माध्यम से लोगों को घरद्वार पर सरकारी सेवाएं उपलब्ध करवाई जा सकती हैं। धर्माणी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र की चार बड़ी पंचायतों का पुनर्गठन कर कुठेड़ा-मरहाणा, हरितल्यांगर, देहरा-हटवाड़ और छंदोह जैसी नई पंचायतों का गठन किया है। लंबे समय से लंबित इन मांगों को पूरा कर लोगों को पंचायत संबंधी सेवाएं उनके नजदीक उपलब्ध कराने और विकास कार्यों को गति देने का प्रयास किया गया है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से जरूरतमंद लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने, पात्र परिवारों की पहचान करने तथा नशा उन्मूलन, शिक्षा, पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पंचायतों को मिली न्यायिक शक्तियों का उपयोग कर ग्रामीण स्तर पर छोटे-मोटे विवादों का समाधान किया जाना चाहिए, जिससे लोगों को न्यायालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।