नौणी-भराड़ीघाट फोरलेन निर्माण कार्य को लेकर गुरुवार को ब्रह्मपुखर चौक में स्थानीय ग्रामीणों और दुकानदारों ने निर्माण कार्य में लगी कंपनी के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों ने कंपनी पर स्थानीय लोगों की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया और कुछ समय के लिए निर्माण कार्य में लगी गाड़ियों को भी रोक दिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि पिछले एक साल से क्षेत्र में फोरलेन का कार्य चल रहा है, लेकिन स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए जरूरी प्रबंध नहीं किए गए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव नहीं किया जाता, जिससे धूल के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई घरों और दुकानों में धूल भर रही है और सड़क से गुजरना भी मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि चौक पर प्रतिदिन हजारों लोगों की आवाजाही रहती है, लेकिन यहां शौचालय की कोई व्यवस्था नहीं है। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में लगी कंपनी से ब्रह्मपुखर में शौचालय बनाने, सड़क की टारिंग करने और नियमित रूप से पानी का छिड़काव करने की मांग की।