उपमंडल घुमारवीं की ग्राम पंचायत कोठी के सोई गांव में खोले गए शराब के ठेके के विरोध में शुक्रवार को गांववासी एकजुट होकर सड़क पर उतर आए। गांव के युवक मंडल, महिला मंडल और अन्य सामाजिक संगठनों ने ठेके के बाहर प्रदर्शन कर प्रशासन और ठेकेदार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने चेताया कि यदि दो दिनों के भीतर यह ठेका बंद नहीं किया गया, तो आमरण अनशन पर बैठेंगे। यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक ठेका बंद नहीं किया जाता। महिला मंडल प्रधान शकुंतला देवी ने बताया कि दो दिन पहले उपमंडल अधिकारी घुमारवीं को लिखित ज्ञापन सौंपा था, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।