फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bilaspur: सरकाघाट छात्रा हत्याकांड पर घुमारवीं में आक्रोश, एसडीएम के माध्यम से राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन

Ankesh Dogra Updated Fri, 17 Apr 2026 03:02 PM IST

सरकाघाट में छात्रा की निर्मम हत्या के मामले को लेकर घुमारवीं में आक्रोश देखने को मिला। घुमारवीं की समाजसेवी संस्था संस्कार सोसाइटी ने इस जघन्य वारदात के विरोध में राज्यपाल को एसडीएम घुमारवीं के माध्यम से ज्ञापन प्रेषित किया। संस्था ने मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में करवाने और दोषियों को शीघ्र कड़ी सजा देने की मांग उठाई है। संस्था के संस्थापक महेंद्र धर्माणी ने इस हत्या को समाज की निष्क्रियता और चरमराती प्रशासनिक व्यवस्था का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि दिनदहाड़े हुई यह निर्मम हत्या न केवल अत्यंत निंदनीय है, बल्कि यह प्रदेश की कानून-व्यवस्था और सामाजिक मूल्यों पर गंभीर प्रश्नचिह्न भी खड़े करती है। कहा कि इस प्रकार की घटनाएं समाज को झकझोर देने वाली हैं और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई बेहद आवश्यक है। मांग की कि इस मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाया जाए ताकि न्याय में देरी न हो और पीड़ित परिवार को शीघ्र राहत मिल सके। कहा कि ऐसे जघन्य अपराधों में त्वरित और सख्त सजा जरूरी है, तभी समाज में डर और कानून के प्रति विश्वास कायम रह सकता है। उन्होंने प्रदेश में बढ़ते नशे के प्रकोप पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि नशे के कारण आपराधिक घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है, जो प्रशासन और सरकार दोनों के लिए बड़ी चुनौती बन चुकी है। आशंका जताई कि सरकाघाट की इस घटना के पीछे भी आरोपी की नशे की प्रवृत्ति एक प्रमुख कारण हो सकती है। ऐसे में नशा उन्मूलन के लिए प्रभावी और सख्त कदम उठाना समय की मांग है। सरकार से मांग की कि महिला सुरक्षा को लेकर केवल औपचारिकता न निभाई जाए, बल्कि जमीनी स्तर पर ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाएं। धर्माणी ने कहा कि बेटियों को सम्मान, सुरक्षा और अवसर देने की आवश्यकता है, जिससे वे आत्मनिर्भर और सशक्त बन सकें। संस्था ने नशा निवारण के लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने, नशा कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानून बनाकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। इस अवसर पर अमृत लाल कातना, विशाल नड्डा, पृथी सिंह ठाकुर, किशोरी लाल, मदन कांत, सुनील शर्मा, सतीश ठाकुर, संतोष भारद्वाज, सरोज शर्मा, अनिशा, मनोरमा चौहान, बांके बिहारी, रूप लाल, मनोज भंडारी, सचिन, लक्की, विजय, प्यार सिंह, दिनेश, प्रेम सागर, देवदत्त, दलेल सिंह, नरेंद्र कुमार, देश राज सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें