बचत भवन बिलासपुर में शनिवार को सरकारी कर्मचारियों के चेहरे कुछ अलग ही सुकून लिए नजर आए। मौका था एक दिवसीय तनाव मुक्ति कार्यशाला का, जिसे हिमालयन एजुकेशनल एंड ट्रेनिंग सोसायटी ने आयोजित किया। कार्यशाला में न सिर्फ कर्मचारियों को मानसिक सशक्तीकरण के उपाय बताए गए, बल्कि माइंडफुलनेस, श्वसन तकनीक और ऑफिस योग जैसी व्यावहारिक विधियों से भी अवगत कराया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त राहुल कुमार ने किया। उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य केवल व्यक्तिगत जीवन ही नहीं, प्रशासनिक दक्षता की भी नींव है। वहीं मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे अतिरिक्त उपायुक्त ओमकांत ठाकुर ने संस्था की इस पहल को समय की जरूरत करार देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन कर्मचारियों की उत्पादकता बढ़ाने में मददगार साबित होंगे। संस्था की अध्यक्ष शालिनी शर्मा ने कार्यक्रम का संचालन किया। उनके साथ अनिता शर्मा, गोविंद घोष और गौरव शर्मा ने भी आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई और प्रतिभागियों का स्वागत किया। कार्यशाला में कुल चार सत्र आयोजित किए गए। प्रशिक्षण का जिम्मा माइंडफुलनेस फैसिलिटेटर और लाइफ कोच पार्थ शर्मा तथा ध्यान व श्वसन तकनीक विशेषज्ञ शेरू बाबा ने संभाला। उन्होंने तनाव से निपटने के व्यावहारिक उपायों पर कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया।