बिलासपुर जिले में तीन दिन से लगातार हो रही बारिश से कई ग्रामीण सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। इस वजह से लोगों की आवाजाही और जरूरी सुविधाओं की आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हो रही है। मंगलवार को उपायुक्त राहुल कुमार ने मल्यावर पंचायत को जोड़ने वाली शहीद सुखराम सड़क का मौके पर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान हिमुडा बोर्ड के निदेशक जितेंद्र चंदेल, बीडीसी सदस्य मधुपाल धीमान और पूर्व प्रधान प्रेम सिंह ने उपायुक्त को बताया कि मार्ग बाधित होने से पंचायत की करीब 1200 की आबादी अन्य क्षेत्रों से पूरी तरह कट गई है। खासतौर पर भूस्खलन और मलबा गिरने से सड़क पूरी तरह बंद है, जिससे लोगों को आवश्यक वस्तुएं व सेवाएं हासिल करने में भारी परेशानी हो रही है। उपायुक्त ने मौके पर हालात का जायजा लेते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्य मार्ग की बहाली में समय लगेगा, इसलिए वैकल्पिक सड़क मार्ग को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाए। उन्होंने कहा कि लोगों की आवाजाही और आपूर्ति प्रणाली में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए। उन्होंने संबंधित विभागों को यह भी निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्र में राहत और बचाव के लिए समन्वय बनाकर कार्य करें, ताकि आपात स्थिति में स्थानीय लोगों को तुरंत मदद मिल सके। निरीक्षण के दौरान एसडीएम घुमारवीं गौरव चौधरी, अधिशासी अभियंता डीसी ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।