नगर परिषद चुनाव के नामांकन के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा विधायक त्रिलोक जमवाल ने भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने चुनाव के दौरान दी गई गारंटियों को पूरा नहीं किया, जिससे आम जनता परेशान है। उन्होंने पानी-बिजली के बढ़े बिल, स्मार्ट मीटर, रुकी हुई ग्रांट्स और शहर की स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल उठाए। साथ ही सीवरेज और ट्रीटमेंट प्लांट जैसे विकास कार्यों में अनियमितताओं के आरोप भी लगाए। वहीं पूर्व विधायक बंबर ठाकुर ने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में शहर में पार्क, सड़कें और आवास योजनाओं के तहत बड़े स्तर पर विकास हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जनप्रतिनिधि विकास निधि खर्च करने में विफल रहे और अब कांग्रेस के नेताओं को अपने साथ जोड़ रही है।