फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bilaspur: दिवाली से पहले जिले में मिठाइयों की गुणवत्ता जांच अभियान सक्रिय

अंकेश डोगरा Updated Thu, 16 Oct 2025 06:20 PM IST

दिवाली पर्व के मद्देनजर जिला प्रशासन उपभोक्ताओं को शुद्ध और गुणवत्ता पूर्ण मिठाइयां उपलब्ध कराने के लिए सक्रिय हो गया है। इसके तहत विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम शहर भर की मिठाई दुकानों का निरीक्षण कर रही है और सैंपल लेकर उनकी गुणवत्ता जांच रही है। वीरवार को अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर की अगुवाई में खाद्य सुरक्षा विभाग और संबंधित अधिकारियों की टीम ने शहर की विभिन्न मिठाई दुकानों का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान देसी घी से बनी मिठाइयां, पनीर और अन्य खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए गए, ताकि प्रयोग की जा रही सामग्री की शुद्धता सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने बताया कि यह अभियान दिवाली तक जारी रहेगा और सभी सैंपल प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे जाएंगे। जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उनका कहना था कि प्रशासन का उद्देश्य उपभोक्ताओं को शुद्ध, सुरक्षित और उच्च गुणवत्ता वाली मिठाइयां उपलब्ध कराना है। निरीक्षण के दौरान दुकानदारों को मिठाइयों में कृत्रिम रंगों का सीमित प्रयोग, साफ-सफाई का विशेष ध्यान और उच्च गुणवत्ता वाले कच्चे माल के इस्तेमाल के निर्देश दिए गए। साथ ही चेतावनी दी गई कि किसी भी प्रकार की मिलावट पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। अतिरिक्त उपायुक्त ने आम जनता से अपील की कि वे मिठाइयां या अन्य खाद्य सामग्री खरीदते समय पैकेजिंग, ब्रांड और निर्माण तिथि की जांच अवश्य करें। किसी भी प्रकार की मिलावट या गुणवत्ता संबंधी शिकायत होने पर तुरंत खाद्य सुरक्षा विभाग या जिला प्रशासन को सूचित करें।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें