राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेला-2026 के तहत आयोजित की जा रही वॉयस ऑफ बिलासपुर प्रतियोगिता के लिए सोमवार को उपमंडल नयना देवी के कलाकारों के ऑडिशन सफलतापूर्वक संपन्न हुए। ऑडिशन में 50 से अधिक प्रतिभाशाली कलाकारों ने भाग लेकर अपनी गायन प्रतिभा का प्रदर्शन किया। 16 से 30 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने लोकगीत, सूफी, बॉलीवुड और पहाड़ी गीतों की प्रस्तुतियां देकर निर्णायक मंडल को प्रभावित किया। कई प्रतिभागियों ने अपनी मधुर आवाज और मंच प्रस्तुति से दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। जिला प्रशासन की ओर से गठित चयन समिति ने निर्धारित मानकों के अनुसार प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया। गायन शैली, स्वर, लय, उच्चारण और मंच प्रदर्शन के आधार पर प्रतिभागियों का आकलन किया गया। चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और प्रतिस्पर्धात्मक रही। चयनित प्रतिभागियों को आगामी चरणों में विशेष ग्रूमिंग सत्रों से गुजरना होगा। इसके बाद शीर्ष प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेले के मुख्य मंच पर प्रस्तुति देने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता के विजेता को 1 लाख, द्वितीय स्थान को 50 हजार और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 25 हजार की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। जिला प्रशासन का मानना है कि वॉयस ऑफ बिलासपुर प्रतियोगिता जिला की छिपी हुई गायन प्रतिभाओं को एक प्रतिष्ठित मंच प्रदान करेगी। नलवाड़ी मेला न केवल मनोरंजन का माध्यम है, बल्कि बिलासपुर की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं और जनभागीदारी का प्रतीक भी है।