हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिला मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर यह है नम्होल उपतहसील का साई नोडुवा गांव। इस गांव में गिने-चुने खेतों में ही गेहूं की फसल उगी है। यह भी अब मुरझाने लगी है। किसानों की नजरें आसमान पर टिकी हैं। यहां पानी के लिए परंपरागत स्रोत दो बावड़ियां हैं। ग्रामीण आशंकित हैं कि सर्दियों में पर्याप्त बारिश नहीं हुई तो बावड़ियों में पिछले कुछ वर्षों की तरह पानी सूख जाएगा। दूर नीचे अली खड्ड से उठाऊ पेयजल योजना का एक कनेक्शन इस गांव को मिला जरूर है, पर इससे भी बहुत कम पानी पहुंचता है और गर्मियों में तो नाममात्र का। इस खड्ड पर इलाके की हजारों की जनसंख्या का दबाव है। इसमें गर्मियों में तो बहुत कम पानी रह जाता है।