यमुनानगर के व्यासपुर क्षेत्र में गांव बेडथल में सास की 13वीं के दिन 30 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर जहरीला पदार्थ देकर हत्या करने या प्रताड़ना के चलते आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव का सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतका की पहचान हरप्रीत कौर (30) पत्नी राजीव चौहान निवासी गांव बेडथल के रूप में हुई है। हरप्रीत का मायका चंडीगढ़ के सेक्टर-29 बी में है। उसके पिता गुरदेव सिंह चालक, माता सुनीता गृहिणी तथा भाई इंद्रजीत हैं। परिजनों ने बताया कि हरप्रीत की शादी वर्ष 2017 में राजीव चौहान से हुई थी। शादी के बाद से ही उसे दहेज और घरेलू विवादों को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जाता था। आरोप है कि करीब एक सप्ताह पहले हुए विवाद के दौरान उसके साथ मारपीट की गई, जिससे उसकी नाक की हड्डी भी टूट गई थी। दोनों पक्षों के बीच चल रहे विवाद को पंचायत के माध्यम से सुलझाने के प्रयास किए जा रहे थे। परिजनों ने बताया कि हरप्रीत की सास बाला का हाल ही में शुगर की बीमारी के चलते निधन हो गया था। रविवार को उनकी 13वीं का कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें मायके पक्ष से उसके पिता, माता और भाई भी शामिल होने पहुंचे थे। मृतका के भाई इंद्रजीत का आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान भी ससुराल पक्ष ने हरप्रीत के साथ विवाद शुरू कर दिया। काफी देर तक कहासुनी चलती रही। उन्होंने बहन को अपने साथ ले जाने की इच्छा जताई, लेकिन ससुराल पक्ष के एक सदस्य ने भविष्य में ऐसा व्यवहार दोबारा नहीं होने का भरोसा दिलाया, जिसके बाद वे रात करीब आठ बजे चंडीगढ़ लौट गए। इंद्रजीत के अनुसार रात करीब 10 बजे उन्होंने हरप्रीत को फोन किया तो उसने बताया कि उसे बहुत नींद आ रही है और वह बाद में बात करेगी। करीब 11 बजे हरप्रीत की बेटी ने वीडियो कॉल कर बताया कि उसकी मां की तबीयत अचानक बिगड़ गई है और उन्हें लगातार उल्टियां हो रही हैं। सूचना मिलते ही परिवार दोबारा यमुनानगर पहुंचा, जहां हरप्रीत को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मायके पक्ष का आरोप है कि हरप्रीत को जहरीला पदार्थ दिया गया या फिर उसे ऐसी परिस्थितियों में धकेला गया कि वह जहरीला पदार्थ खाने पर मजबूर हो गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति राजीव चौहान, ननद डॉली, ननद रीतू और देवरानी नेहा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल की रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।