यमुनानगर। रामपुरा कॉलोनी स्थित टायर कारोबारी ईशान सभरवाल के शोरूम पर शनिवार देर रात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी। वारदात के बाद आरोपी मौके पर आतंकी कुलबीर सिंह सिद्धू के नाम से धमकी भरा पर्चा भी चस्पा कर गए। रविवार सुबह करीब 10 बजे कर्मचारी शोरूम पहुंचे तो शीशों पर गोलियों के निशान, जमीन पर गोलियों के खोखे और मुख्य गेट के नीचे चिपका पर्चा देखकर हड़कंप मच गया। पर्चे में लिखा था, यह तो ट्रेलर है अगली गोली दिमाग में लगेगी। सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से गोलियों के खोखे और धमकी भरा पर्चा कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि कारोबारी को पहले कभी रंगदारी की मांग या धमकी नहीं मिली थी। कारोबारी की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।