कुरुक्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव शुक्रवार को शुरू हो गया। इसमें लोगों के आने-जाने की सुविधा के लिए कुरुक्षेत्र रूट पर रोडवेज की अतिरिक्त बसें लगाने की तैयारी है। फिलहाल शुरुआत के दिनों महोत्सव जाने वाले यात्रियों की संख्या कम है, इसलिए कुरुक्षेत्र रूट पर रूटीन में बसें चल रही हैं, पर आगामी दिनों में महोत्सव जाने वाले यात्रियों की संख्या के साथ रूट पर बसों की संख्या भी बढ़ाए जाएंगी। इसके अलावा महोत्सव में जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने के लिए विशेष कूपन दिए जा रहे हैं, जिसे बस स्टैंड पर कुरुक्षेत्र की बसों के काउंटर या परिचालक से लिया जा सकता है। इन कूपन के जरिए महोत्सव में जाने वाले यात्रियों को किराये में 50 फीसद तक छूट मिलेगी। उल्लेखनीय है कि हर साल कुरुक्षेत्र के ब्रह्मसरोवर पर अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव होता है। इसमें जिले से हजारों की संख्या में लोग जाते हैं, जिनकी महोत्सव में जाने व लौटने की सुविधा के लिए हरियाणा रोडवेज की बसें चलाई जाती है। इस बार यह महोत्सव 28 नवंबर से 15 दिसंबर तक है। इसमें यात्रियों के जाने व लौटने की सुविधा के लिए कुरुक्षेत्र रूट पर यमुनानगर डिपो की अतिरिक्त रोडवेज बसें रहेंगी।