यमुनानगर में पिछले चार दिनों से धुंध की सफेद चादर छाई हुई है। एकाएक छाई धुंध के कारण जिले का पारा भी लुढ़का गया। ऐसे में मौसम में ठंडक घुल गई। वीरवार की तरह शुक्रवार को जब लोग अपने बिस्तरों से उठे तो बाहर उन्हें धुंध की सफेद चादर मिली। धुंध के कारण दृश्यता भी कम रही। ऐसे में चालकों को अपने गंतव्य की तरफ जाने के लिए अपने-अपने वाहनों की धीमी रफ्तार के बीच लाइट जलाकर चलना पड़ा। धुंध के साथ ही ठंडी हवा चलने से जनजीवन बेहाल हो गया है। जिले का तापमान अधिकतम 25 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ है। मौसम विभाग ने इस सप्ताह तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहने का अनुमान लगाया है।