फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कष्ट निवारण समिति की बैठक में 6 शिकायतों का मौके पर समाधान,

यमुनानगर। जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में उपायुक्त प्रीति ने अधिकारियों को जनता की शिकायतों के त्वरित समाधान के निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि किसी भी परिवाद को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता कार्यालय में अपनी समस्या लेकर आता है तो उसके साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और तय समय में शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। बैठक में पूर्व निर्धारित 15 परिवादों पर सुनवाई की गई, जिनमें से छह का मौके पर समाधान कर फाइल बंद कर दी गई, जबकि नौ मामलों में संबंधित विभागों को अगली बैठक तक कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए गए। बैठक में गांव लवाना निवासी अनिल कुमार की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर कार्रवाई पूरी कर दी, जिसके बाद परिवाद को फाइल कर दिया गया। देवधर निवासी राजेंद्र कुमार की फसल चोरी संबंधी शिकायत में जांच के दौरान विवादित भूमि सरकारी पाई गई। उपायुक्त ने दोनों पक्षों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश देते हुए मामला निस्तारित कर दिया। बसंत नगर, जगाधरी में एचएसवीपी की भूमि पर कथित अवैध कॉलोनी काटे जाने के मामले में उपायुक्त ने नगर निगम और डीटीपी विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। यह मामला अगली बैठक तक लंबित रखा गया। फतेहपुर निवासी परविंद्र सिंह की केमिकल युक्त पानी से फसल खराब होने की शिकायत का समाधान होने पर परिवाद फाइल कर दिया गया। हुड्डा निवासी महेंद्र तनेजा की प्रॉपर्टी आईडी से संबंधित शिकायत में पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज किए जाने की जानकारी दी गई। इस मामले में जांच जारी रहने के कारण इसे लंबित रखा गया। वहीं इकबाल सिंह द्वारा अधिकारियों के दुर्व्यवहार संबंधी शिकायत पर उपायुक्त ने उच्च अधिकारियों को जांच कर दोषी पाए जाने पर कार्रवाई के निर्देश दिए। शिकायतकर्ता के संतुष्ट होने पर सरकारी तालाब निर्माण से जुड़ा परिवाद भी फाइल कर दिया गया। लालद्वारा कॉलोनी में अवैध कब्जे, उद्यमगढ़ में गंदे पानी की निकासी, दुसानी निवासी रामकुमार के ट्यूबवेल कनेक्शन, एचएसवीपी से जुड़े विवाद, एचडीबी बैंक के बीमा क्लेम, आदर्श कॉलोनी में सीवरेज और जलभराव सहित अन्य मामलों में संबंधित अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। इन सभी परिवादों को अगली बैठक तक लंबित रखा गया। रेवाड़ी निवासी अमित के पुत्र के हाई वोल्टेज लाइन की चपेट में आने के मामले में बिजली विभाग ने जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि दुर्घटना मकान की छत पर सुरक्षा व्यवस्था के अभाव में हुई। विभाग ने नियमानुसार उपचार खर्च देने की सहमति जताई, जिसके बाद परिवाद का निस्तारण कर दिया गया। बैठक के अंत में उपायुक्त प्रीति ने कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें और शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही न बरतें। बैठक में पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल, नगर निगम आयुक्त महावीर प्रसाद, अतिरिक्त उपायुक्त नवीन आहूजा, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश सपरा, एसडीएम विश्वनाथ, डॉ. कुलदीप सिंह, जसपाल सिंह गिल, नरेंद्र कुमार, जिला परिषद के सीईओ सुशील कुमार, डीएसपी रजत गुलिया, डीआईपीआरओ डॉ. मनोज कुमार, सिविल सर्जन डॉ. दिव्या मंगला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें