अपराध शाखा-1 की टीम ने प्रोफेसर कॉलोनी में प्लाईवुड कारोबारी के घर हुई लूट की वारदात का खुलासा करते हुए एक महिला और उसके दो बेटों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए 50 हजार रुपये नकद और एक चांदी का सिक्का बरामद किया है। शेष रकम, वारदात में प्रयुक्त हथियार और कार की बरामदगी के लिए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। अपराध शाखा-1 के प्रभारी राजकुमार ने बताया कि 31 जुलाई और एक अगस्त की मध्यरात्रि को प्रोफेसर कॉलोनी स्थित प्लाईवुड व्यापारी भुवनेश बंसल के मकान में एक महिला और उसके दो साथियों ने घुसकर चौकीदार को चाकू की नोक पर बंधक बना लिया था। इसके बाद आरोपी घर से तीन लाख रुपये नकद और एक चांदी का सिक्का लूटकर फरार हो गए थे। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अपराध शाखा-1 की विशेष टीम गठित की गई। टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर आजाद नगर निवासी वर्षा रानी पत्नी शिम्पी कुमार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में महिला ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि उसने अपने दोनों बेटों हर्ष और मनप्रीत के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई और उसे अंजाम दिया। महिला की निशानदेही पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर लूटे गए 50 हजार रुपये और चांदी का सिक्का बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान लूट की शेष राशि, वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार और कार की बरामदगी के साथ-साथ मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच की जाएगी।