विभिन्न मांगों को लेकर फायर कर्मचारियों की हड़ताल लगातार दसवें दिन भी जारी रही। जिले के सभी मुख्य व उप दमकल केंद्रों के कर्मचारियों ने इंडस्ट्री एरिया स्थित मुख्य दमकल केंद्र पर एकत्र होकर हरियाणा सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। हड़ताल की अध्यक्षता जिला प्रधान विजेंदर सिंह ने की, जबकि संचालन जिला सचिव रिंकू कुमार ने किया। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में फरीदाबाद अग्निकांड में शहीद हुए दमकल कर्मियों रणवीर सिंह और भविष्यचंद शर्मा को शहीद का दर्जा देना, उनके आश्रितों को एक-एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और सरकारी नौकरी प्रदान करना शामिल है। इसके अलावा 5000 रुपये मासिक जोखिम भत्ता लागू करने, पे-रोल व कौशल निगम के कर्मचारियों को विभाग के सर्जित पदों पर समायोजित कर समान काम के लिए समान वेतन देने की मांग भी उठाई गई। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि नियमित कर्मचारियों को ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी के तहत गृह जिला दिया जाए तथा ड्यूटी के दौरान घायल होने पर गंभीर स्थिति में विशेष अवकाश का प्रावधान किया जाए। उन्होंने बताया कि हाईकोर्ट के 23 और 31 दिसंबर 2025 के फैसलों के अनुसार कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया जाना चाहिए। फायर यूनियन के राज्य मुख्य संगठनकर्ता संतोष कुमार ने चेतावनी दी कि हड़ताल 19 अप्रैल तक जारी रहेगी। यदि तब तक मांगों का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। धरने को अखिल भारतीय किसान सभा, सीटू सहित कई संगठनों के नेताओं ने भी संबोधित किया और कर्मचारियों के आंदोलन का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि सरकार को जल्द से जल्द फायर कर्मचारियों की जायज मांगों को पूरा करना चाहिए, अन्यथा आंदोलन और व्यापक रूप ले सकता है।