भारत और अमेरिका के बीच हुई ट्रेड डील के विरोध में मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) और किसानों ने ट्रैक्टर मार्च निकालकर अपना रोष व्यक्त किया। सैकड़ों की संख्या में किसान और भाकियू पदाधिकारी जगाधरी अनाज मंडी में एकत्रित हुए और वहां से ट्रैक्टर मार्च की शुरुआत की। किसानों का यह मार्च जगाधरी अनाज मंडी से शुरू होकर भाई कन्हैया साहिब चौक, माता आहिल्याबाई चौक, नेहरू पार्क, एसपी आवास और ताऊ देवी लाल कॉम्प्लेक्स होते हुए डीसी कार्यालय तक पहुंचा। इस दौरान किसानों ने केंद्र सरकार और भारत-अमेरिका के बीच हुई ट्रेड डील के खिलाफ नारेबाजी की और इसे किसान विरोधी बताते हुए इसका विरोध जताया। डीसी कार्यालय के सामने पहुंचकर किसानों और भाकियू पदाधिकारियों ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील की प्रतियां जलाकर अपना विरोध दर्ज कराया। किसानों का कहना था कि इस प्रकार की ट्रेड डील से देश के किसानों और कृषि क्षेत्र पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने सरकार से मांग की कि किसान हितों को ध्यान में रखते हुए इस तरह के समझौतों पर पुनर्विचार किया जाए। ट्रैक्टर मार्च के दौरान प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे। मार्च में जिले के भाकियू पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में किसानों ने हिस्सा लिया। इस मौके पर मंदीप रोड छप्पर, विक्रांत ससौली, गुरजंत सहित कई किसान नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आगे भी आंदोलन तेज किया जाएगा।