यमुनानगर में सर्व समाज के जनप्रतिनिधि मंडल व कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को सड़क पर उतर कर देश में जनसंख्या नियंत्रण कानून लागू करने की मांग की है। समाज के लोग हाथों में जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाओ के बैनर लेकर जयघोष करते हुए जिला सचिवालय पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सीटीएम पीयूष गुप्ता को प्रधानमंत्री के नाम मांग पत्र सौंपा। वहीं, वीएचपी के उपाध्यक्ष कर्मचंद, अर्चक कमेटी के प्रांत संयोजक श्याम सुंदर वशिष्ठ व संगठन वॉरियस के वरुण शर्मा ने मांग पत्र के माध्यम से कहा कि देश में बढ़ती हुई जनसंख्या को नियंत्रित करने के लिए जो भी आवश्यक कदम अथवा कानून और नियम सरकार द्वारा लागू किये जा सकते हैं, उन्हें बिना विलंब किए पारित किया जाना चाहिए। आज बढ़ती जसंख्या में नियंत्रण जरूरी है, भविष्य में यह खतरा बन सकता है, जिससे कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।