क्रिसमस के पावन पर्व पर यमुनानगर शहर के विभिन्न चर्चों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। शहर के प्रमुख सेंट पीटर चर्च और जगाधरी स्थित सीएनआई चर्च में हजारों लोग विशेष प्रार्थना सभा में शामिल होने पहुंचे।सेंट पीटर चर्च में क्रिसमस की विशेष प्रार्थना और मास का आयोजन किया गया, जहां लोग परिवार सहित पहुंचे और प्रभु यीशु के जन्मोत्सव को उत्साह से मनाया। इसी तरह जगाधरी के चर्च ऑफ नॉर्थ इंडिया (सीएनआई) चर्च में भी भजन-कीर्तन और प्रार्थना सभा का दौर चला। श्रद्धालु कैरोल गाते हुए और मोमबत्तियां जलाते हुए उत्सव में डूबे नजर आए।