हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से 12वीं कक्षा की गणित की परीक्षा में जमकर नकल चली। इसको लेकर एक वीडियो वायरल हो रहा है। खंड के गांव काहनौर व पिलाना के सरकारी स्कूल में 12वीं कक्षा की गणित की परीक्षा आयोजित हुई। आरोप है कि पिलाना गांव में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी खुद ही बाहर से पर्ची लाकर जंगले के अंदर से बच्चों को दे रहे थे। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। आरोप है कि बाहर से नकल फेंकने वालों पर पुलिस की कोई सख्ती नहीं थी। वहीं काहनौर गांव के सरकारी स्कूल में भी नकल फेंकने वाले स्कूल की छत व दीवारों पर बैठे दिखाई दिए। वहीं सुपरिंटेंडेंट का दावा है कि स्कूल में सभी बच्चे अपनी परीक्षा दे रहे हैं। बाहर से कोई पर्ची अंदर नहीं पहुंच रही। पुलिस भी मौके पर स्कूल के चारों तरफ निगरानी रख रही है, लेकिन सुपरिंटेंडेंट के यह दावे हवाहवाई दिखाई दिए।