सोनीपत के बहादुरगढ़ हाईवे पर बीसवां मील के पास चोरों ने निजी फाइनेंस कंपनी के एटीएम का गैस काटकर से काटने की कोशिश कर डाली। चोर एटीएम कक्ष की छत तोडक़र अंदर घुसे थे। हालांकि चोर एटीएम को नहीं काट पाए। एटीएम संचालक ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बीसवां मील निवासी सत्यनारायण ने बताया कि वह मनी ट्रांसफर, रेलवे टिकट व फोटोस्टेट की दुकान चलाते हैं। उन्होंने दुकान में हिताची फाइनेंस कंपनी का एटीएम लगा रखा है। रात को चोरों ने एटीएम कक्ष की छत तोड़ दी और अंदर घुस गए। चोरों ने एटीएम को गैस कटर से काटने की कोशिश की। चोरों ने सीसीटीवी के तार काट दिए और सीसीटीवी को तोडक़र क्षतिग्रस्त कर दिया। वह सुबह दुकान पर पहुंचे तो मामले का पता लगा। चोरों ने गैस कटर से एटीएम को नीचे से काटकर नकदी निकालने की कोशिश की थी। हालांकि चोर नकदी नहीं निकाल सके। दुकान में काफी नुकसान पहुंचाया गया है। एक दिन पहले डाले गए थे करीब ढाई लाख सत्यनारायण ने बताया कि एटीएम में एक दिन पहले ही करीब ढाई लाख रुपये की नकदी डाली गई थी। दिन के समय लोगों ने एटीएम से नकदी निकाली। ऐसे में एटीएम में कितनी नकदी चोरी होने से बची है इसका पता कंपनी के अधिकारियों के आने के बाद लग सकेगा। पुलिस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी खंगाल रही मामले की सूचना राई थाना पुलिस को दी गई। पुलिस जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम क्षेत्र में लगे सीसीटीवी खंगाल रही है। एटीएम कक्ष के सीसीटीवी को तोड़ा गया है। राई थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि एटीएम से नकदी चोरी की कोशिश की गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। मामले में ठोस कार्रवाई की जाएगी। -रविंद्र सिंह, पुलिस प्रवक्ता सोनीपत।