सोनीपत में जिला स्तरीय गीता जयंती प्रतियोगिता के दूसरे दिन कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों ने प्रतिभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा दिखाई। प्रतियोगिता का आयोजन एसएम हिंदू वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में किया गया। जिसमें छह अलग-अलग स्पर्धाओं में विजेता रहे विद्यार्थियों को अधिकारियों ने प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया। प्रतियोगिता की नोडल अधिकारी जिला गणित विशेषज्ञ नीति ने विजेता रहे विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया। डीएमएस डॉ. नीति ने बताया कि दो दिवसीय जिला स्तरीय गीता जयंती प्रतियोगिता के दूसरे दिन बुधवार को कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों ने विभिन्न स्पर्धाओं ने भाग लिया। प्रतियोगिता के पहले दिन नौवीं से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया था। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में पहले तीन स्थानों पर रहने वाले विद्यार्थियों के साथ ही तीन-तीन विद्यार्थियों को सांत्वना पुरस्कार के चयनित किया गया। सभी को प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया गया। नकद राशि विद्यार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। डीएमएस नीति ने बताया कि प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर रहने वाले विद्यार्थियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का मौका मिलेगा।