सोनीपत जिले में श्री हनुमान जन्मोत्सव हर्षोल्लास व श्रद्धा भाव से मनाया गया। श्री हनुमान जन्मोत्सव पर शनिवार को जिलाभर में सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं की ओर से जगह-जगह श्री सुंदरकांड पाठ, संकीर्तन कर भंडारा लगाया गया। कहीं श्रद्धालुओं ने हवन कर श्रद्धा भाव से हनुमान जी की पूजा-अर्चना कर भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। वहीं संकीर्तन में भजनों से हनुमान जी महाराज का गुणगान किया गया। गोहाना रोड कचहरी स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में पवनपुत्र की पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया।