अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव की श्रृंखला में एक बार फिर कर्म, भक्ति व ज्ञान का संगम नजर आएगा। जिला स्तर पर सुभाष स्टेडियम में 9 से 11 दिसंबर तक तीन दिवसीय जिला स्तरीय गीता महोत्सव आयोजित किया जाएगा। जिसको लेकर तैयारियां अंतिम चरण में है। जिले की धार्मिक व सामाजिक संस्थाएं भी बढ़ चढ़कर सहयोग दे रही हैं। जिला स्तरीय गीता महोत्सव प्रेरणादायी होने के साथ भव्य और आकर्षक होगा। गीता महोत्सव को गरिमामयी ढंग से मनाने की रूपरेखा तैयार की गई। तीनों दिन विभिन्न विभागों व सामाजिक संगठनों की तरफ से प्रदर्शनी लगाई जाएगी। जिसमें पात्रों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। शिक्षण संस्थानाें के विद्यार्थी व लोक कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रस्तुतियां देंगे। गीता पूजन, हवन के बाद सेमिनार होगा, जिसमें वक्ता श्रीमद्भागवत गीता के महत्व पर व्याख्यान देंगे। विद्यार्थियों की तरफ से गीता का श्लोकोच्चारण किया जाएगा। अंतिम दिन नगर शोभा यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें गीता पर आधारित झांकियां शामिल होंगी। सांस्कृतिक कार्यक्रम भगवान श्रीकृष्ण लीला व गीता पर आधारित होंगे।