रिटायर कर्मचारी संघ हरियाणा के बैनर तले सेवानिवृत कर्मचारियों ने लघु सचिवालय पर धरना दिया। इस दौरान उन्होंने जिला राजस्व अधिकारी को प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन साैंपकर पेंशन संबंधी समस्या का समाधान कराने की मांग की। जिला प्रधान महेंद्र सिंह भनवाला ने कहा कि सरकार ने वित्त विधेयक 2025 पारित करके भेदभाव किया है इसलिए लाखों सेवानिवृत्त कर्मचारियों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय अनुसार पेंशन सेवा कर्मचारियों का अधिकार है। पेंशनर्स के बीच किसी भी तरह का विभेद पैदा नहीं किया जा सकता। उनकी मांग है कि पेंशन संबंधित वित्त विधेयक 2025 को तुरंत वापस लिया जाये। उन्हें आठवें वेतन आयोग के सभी लाभ पूर्व की भांति दिए जायें। उनका सभी सरकारी व पैनल वाले अस्पतालों में मुफ्त इलाज किया जाये व मेडिकल भत्ता तीन हजार रुपये प्रतिमाह दिया जाये। रिटायर कर्मचारियों को रेलवे व हवाई यात्रा किराये में पहले की तरह छूट लागू की जाए। इस दौरान शीलक राम मलिक, सतबीर धनखड़, जगदीश मोर, ऋतुराज, जयवीर राठी, देवेंद्र मलिक, महेंद्र मलिक, विजेंद्र कादियान, सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान देशराज नैन भी मौजूद रहे।