सोनीपत बस अड्डा परिसर में पेंशन बहाली संघर्ष समिति के सदस्यों ने दिल्ली में प्रदेश अध्यक्ष विजेंद्र धारीवाल और उनके साथियों पर दर्ज हुई प्राथमिकी के विरोध में प्रदर्शन किया। उन्होंने प्राथमिकी की प्रतियां जलाईं और सरकार से इसे तुरंत वापस लेने की मांग की। प्रदेश मुख्य सलाहकार डॉ. प्रमोद ईष्टकान ने कहा कि कर्मचारियों को अपने अधिकारों के लिए शांतिपूर्ण ढंग से आवाज उठाने का पूरा हक है। प्रदर्शन निर्धारित समय और स्थान पर शांतिपूर्वक समाप्त किया गया था, इसलिए इस प्राथमिकी से देशभर के कर्मचारियों में रोष है। जिला अध्यक्ष एमपी सिंह और जिला महासचिव प्रोफेसर अजय दहिया ने आरोप लगाया कि सरकार कर्मचारियों को दबाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली कर्मचारियों का अधिकार है। जिसके लिए वह कई वर्ष से संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी मांग पर ध्यान नहीं दे रही है। इस मौके पर गीता राजपूत, जिला सह कोषाध्यक्ष राहुल, नीरज, विनोद, मंजीत पहल, संजय, रविन्द्र भी मौजूद रहे।