सोनीपत शहर में नगर निगम चुनाव के बीच अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसते हुए मुख्यमंत्री उडऩदस्ता (सीएम फ्लाइंग) ने खरखौदा क्षेत्र में शराब का जखीरा पकड़ा है। टीम ने कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेस वे पर पिपली टोल प्लाजा के सामने बनी पार्किंग में खड़े एक ट्राला से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की है। शराब को चावल के भूसे की बोरियों के नीचे छिपाकर तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम ने डीएसपी जीत सिंह बेनीवाल के दिशा-निर्देशन में शुक्रवार रात सूचना के आधार पर कार्रवाई की। टीम में शामिल इंस्पेक्टर बिजेंद्र, एएसआई राजेश, एएसआई शिव कुमार व सीआईडी एसआई जितेंद्र जब पार्किंग में पहुंचे तो वहां खड़े एक ट्राले पर चावल के भूसे से भरे बोरे लदे दिखाई दिए। शक होने पर जब टीम ने जांच शुरू की तो बोरियों के बीच शराब की पेटियां नजर आईं। बोरियों के नीचे छिपा रखा था शराब का जखीरा जांच के दौरान जैसे ही टीम ने ट्राले की गहन तलाशी शुरू की, चालक अपना बैग मौके पर छोडक़र भाग गया। इसके बाद अधिकारियों ने बोरियों को हटवाया तो नीचे विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब की पेटियां बरामद हुईं। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार ट्राले में एक हजार से अधिक पेटी शराब भरी हुई थी। आबकारी विभाग की निगरानी में हो रही गिनती बरामद शराब की गिनती आबकारी विभाग के निरीक्षक सोमबीर की निगरानी में करवाई जा रही है। अधिकारियों के अनुसार बरामद शराब चंडीगढ़ में बिक्री के लिए अधिकृत बताई जा रही है। ऐसे में यह पता लगाया जाएगा कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। चुनाव के दौरान बढ़ाई गई निगरानी नगर निगम चुनाव के मद्देनजर प्रशासन और पुलिस की तरफ से शराब तस्करी, नकदी और अन्य संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि चुनाव के दौरान शराब की अवैध आपूर्ति को रोकने के लिए यह कार्रवाई महत्वपूर्ण साबित होगी। टीम चालक व शराब तस्करी से जुड़े नेटवर्क और ट्राले के मालिक के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।