सोनीपत नगर निगम के मयर उप चुनाव को लेकर नामांकन प्रकिया मंगलवार से शुरू होगी। यह प्रक्रिया 17 फरवरी तक जारी रहेगी। इस बीच 12 और 16 फरवरी को अवकाश रहेगा। चुनाव लड़ने के इच्छुक प्रत्याशी नामांकन दाखिल कर सकते हैं। मेयर उप चुनाव के दौरान नगर निगम कार्यालय में जिला परिषद की सीईओ एवं रिटर्निंग अधिकारी डॉ. अनमोल की ओर से नामांकन पत्र लिए जाएंगे। इसके लिए प्रत्याशियों की सुविधा के लिए नगरनिगम कार्यालय में हेल्प डेस्क लगा दिया गया है। नामांकन प्रक्रिया को तैयारियों को लेकर रिटर्निंग अधिकारी डॉ. अनमोल ने संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच 18 फरवरी को होगी, जबकि नाम वापसी की अंतिम तिथि 19 फरवरी निर्धारित की गई है। चुनाव चिह्न आवंटन की प्रक्रिया 19 फरवरी को पूरी की जाएगी और मतदान केंद्रों की सूची भी इसी दिन प्रकाशित की जाएगी। मतदान 2 मार्च को सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। आवश्यकता पड़ने पर पुनर्मतदान 4 मार्च को संपन्न कराया जाएगा। मतगणना 12 मार्च को सुबह 8 बजे से आरंभ होगी और मतगणना पूर्ण होते ही चुनाव परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।