सोनीपत के गुड़ मंडी स्थित दिगंबर जैन मंदिर में चल रहे तीन दिवसीय विकलांग सहायता शिविर का शनिवार को दूसरा दिन रहा। शिविर रेडक्रॉस सोसाइटी, जैन मिलन संस्था, दिगंबर जैन समाज, सेवा भर्ती, संत नामदेव रोहिल्ला टांक उत्थान संघ, पानीपत एसोसिएशन आर्किटेक्ट एंड इंजीनियर्स, नेशनल मेडिकोज आर्गेनाईजेशन, दिव्यांग कल्याण एकता सोसाइटी, भगवान महावीर विकलांग सेवा समिति व एनवायरो वात्सल्य सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में लगाया गया। शिविर में दोपहर तक 174 दिव्यांग लोगों को ट्राई साइकिल, बैसाखी व अन्य कृत्रिम अंग निशुल्क प्रदान किए गए। जैन समाज के अध्यक्ष अधिवक्ता सुरेश जैन ने बताया कि फिलहाल शिविर में पंजीकरण किया जा रहा है। सभी को जांच के बाद ट्राई साइकिल, बैसाखी व कृत्रिम अंग प्रदान किए जा रहे है। रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव गौरव रामकरण ने बताया कि हर वर्ष की तरह जैन मंदिर में शिविर लगाकर दिव्यांग लोगों की सहायता की जा रही है। पहले दिन 100 से ज्यादा लोगों को कृत्रिम अंग प्रदान किए गए थे। शिविर में विभिन्न संस्थाओं के सदस्य अपना सहयोग कर रहे हैं। 80 फीसदी से ज्यादा दिव्यांग लोगों को बैटरी वाली ट्राई साइकिल प्रदान की जा रही है। शिविर में जगदीश जैन, जयकुमार जैन, सुरेश जैन, प्रवीन लांबा, छत्रसेन जैन, डॉ. पुरुषोत्तम, संजय कुमार, सोमबीर सहित टीम के सदस्य मौजूद रहे।