भाजपा कार्यकर्ताओं ने बुधवार को शहर के दिल्ली चौक पर एकत्रित होकर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का पुतला फूंककर रोष प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने अरविंद केजरीवाल के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं का कहना है कि अरविंद केजरीवाल के पास कोई मुद्दे नहीं है इसलिए वह यमुना नदी पर राजनीति कर रहे हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व जिला महामंत्री गुलशन ठेकेदार ने कहा कि नेताओं को राजनीति के अंदर मर्यादा रखनी चाहिए। जनता को बरगलाने के लिए हरियाणा पर झूठे आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि उनके आरोपों ने पूरे प्रदेशवासियों में मान-सम्मान को ठेस पहुंचाई है। प्रदेश के नागरिकों में आम आदमी पार्टी व उनके नेताओं के प्रति रोष है। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने प्रदेश की जनता को यमुना में प्रदूषण फैलाने के लिए जिम्मेदार ठहराया है। यह सरासर गलत है। प्रदर्शन के दौरान रामनिवास, सुनील, नरेश, पवन शर्मा, जयपाल राणा, शक्ति ठेकेदार, गोपाल सैनी व मिथुन तिवारी मौजूद रहे।