ठंड के साथ कोहरे व प्रदूषण ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया। जिससे लोगों की मुसीबत बढऩे लगी है। कोहरे से गोहाना क्षेत्र में पांच वाहन टकराने से ट्रैक्टर सवार युवक की मौत हो गई। वहीं सरकारी अधिवक्ता की कार को कैंटर ने टक्कर मार दी। कार सवार उनके साथी चोटिल हो गए। कोहरे के साथ प्रदूषण का स्तर भी बढ़ गया है। वायु गुणवत्ता सूचकांक 300 से अधिक बना हुआ है। कड़ाके की ठंड से ठिठुर रहे लोगों को बुधवार सुबह कोहरे का भी सामना करना पड़ा। हवा का प्रवाह थमने से जहां प्रदूषण का स्तर का बेहद खराब स्थिति में दर्ज किया जा रहा है, वहीं सुबह कोहरा भी छा गया। सुबह के समय वायु गुणवत्ता गुणवत्ता सूचकांक 306 दर्ज किया गया। ठंड से भी निजात नहीं मिल रही है। बुधवार को अधिकतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ठंड बढऩे से लोगों को अलाव का सहारा लेना पड़ रहा। ग्रामीण क्षेत्र में कोहरे ने दोपहर तक परेशान किया। धूप निकलने पर ही राहत मिल की। ठंड बढऩे से गेहूं उत्पादक किसानों को फायदा हो रहा है। कोहरे में गोहाना क्षेत्र में टकराए वाहन गोहाना क्षेत्र में कोहरे के चलते अलग-अलग पांच वाहन टकरा गए। गांव जौली-लाठ के पास तूड़े से भरी ट्रैक्टर-ट्राली पलटने से एक युवक की मौत हो गई। शव की पहचान गांव छतेहरा निवासी सुनील के रूप में हुई है। वहीं उससे कुछ आगे दिल्ली के रोहिणी कोर्ट के सरकारी अधिवक्ता गांव बिचपडी निवासी संदीप की कार को कैंटर ने टक्कर मार दी। हादसे में कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। कैंटर चालक जींद के गांव रामनगर निवासी कुलदीप सिंह के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। हादसे में एक अन्य वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं घटनास्थल से करीब आधा किलोमीटर आगे एक कार खंभे से टकरा गई। कार चालक को रास्ते का पता नहीं होने के चलते कार खंभे से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई।