युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक करने के लिए नशा मुक्त युवा खेलोगे तो खिलोगे ट्रस्ट की ओर से 18 मई को शहरभर में पदयात्रा निकाली जाएगी। ट्रस्ट की ओर से नशा मुक्त युवा खेलोगे तो खिलोगे सशक्त भारत पदयात्रा की शुरुआत सुभाष चौक से की जाएगी। पदयात्रा का उद्देश्य युवाओं को नशे से बचाकर उन्हें जागरूक कर खेलों की ओर ले जाना है। रेलवे रोड स्थित लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में पदयात्रा को लेकर महामंडलेश्वर स्वामी अनभुतानंद महाराज के सानिध्य में ट्रस्ट के पदाधिकारी डॉ. संदीप डांगी, अधिवक्ता तरुण राठी ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि यह यात्रा नशे पर समाज के साथ संवाद का एक माध्यम होगी। ट्रस्ट 5 वर्ष से देशभर में युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक करने का कार्य कर रहा है। अब तीन दिवसीय कार्यक्रम के प्रारूप के अनुसार 18 मई को सुभाष चौक से लघु सचिवालय तक पदयात्रा निकाल युवाओं को नशे से दूर रहने का प्रण दिलाया जाएगा। जब हम नशे के खिलाफ आवाज उठाने की शुरुआत घर से करेंगे तो धीरे-धीरे प्रदेश व देशभर में इस आवाज को बुलंद किया जाएगा। डॉ. संदीप डांगी, अधिवक्ता तरुण राठी ने बताया कि पदयात्रा सुभाष चौक से चलकर नशे न करने का संदेश देते हुए गीता भवन चौक, गोहाना फ्लाईओवर, छोटू राम चौक से होती हुई लघु सचिवालय पहुंचेगी। यहां ट्रस्ट से जुड़े युवा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को जागरूक करेंगे। इसके बाद 19 व 20 मई को ग्रामीण आंचल के अंतर्गत आने वाले विद्यालयों व महाविद्यालयों में जागरूकता शिविर लगाए जाएंगे। अगले चरण में जागरूकता अभियान रोहतक में चलाया जाएगा। इसके लिए जल्द ही तिथि निर्धारित की जाएगी। अधिवक्ता तरुण राठी ने बताया कि अगर भारत-पाकिस्तान विवाद के चलते स्थिति तनावपूर्ण होती है तो प्रशासन से संपर्क कर पदयात्रा की तिथि में बदलाव किया जा सकता है।