विधायक निखिल मदान व निवर्तमान मेयर राजीव जैन ने वार्ड-15 में विकास कार्यों का शुभारंभ किया। मिशन कॉलोनी में पेयजल लाइन डाली जाएगी और तीर्थ मार्केट में गलियों का निर्माण किया जाएगा। दोनों जगह के विकास कार्यों पर करीब 45 लाख रुपये खर्च का अनुमान है। विधायक निखिल मदान ने बताया कि वार्ड-15 की तीर्थ मार्केट की जर्जर हो चुकी गलियों का निर्माण शुरू किया है। इनमें कुछ गलियां बहुत समय पहले सीसी से बनी थीं, जो अब टूट चुकी हैं। इन्हें दोबारा सीसी से बनाया जाएगा। साथ ही कुछ गलियों में सीवरेज और पेयजल की लाइन डाली गई थी, उन्हें भी बनाया जाएगा। इस काम पर नगर निगम 35 लाख रुपये खर्च करेगी। निवर्तमान मेयर राजीव जैन ने कहा कि मिशन कॉलोनी में पेयजल आपूर्ति के लिए पाइपलाइन डालने के कार्य शुरू किया गया है। साथ ही लाला लाजपत राय स्मारक की मरम्मत का कार्य भी किया जाएगा। इस कार्य पर 10 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इस दौरान निवर्तमान पार्षद अतुल जैन, मार्केट कमेटी वाइस चेयरमैन संजय वर्मा, चरण सिंह जोगी, नीरज आत्रेय, नवीन मंगला, प्रवीण दहिया पवन गोयल, धीरेंद्र, सुभाष पालीवाल, जयकंवार जैन भी मौजूद रहे।