सोनीपत के गोहाना रोड स्थित सुभाष स्टेडियम में सोमवार को तीन दिवसीय जिला स्तरीय गीता जयंती महोत्सव का आगाज हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यातिथि के रूप में विधायक निखिल मदान ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ हवन में आहुति डालकर की। विधायक ने कहा कि 9 से 11 दिसंबर तक होने वाला जिला स्तरीय गीता जयंती महोत्सव जनभागीदारी के सहयोग से भव्य एवं गरिमामयी रहेगा। भारतीय सनातन संस्कृति के रूप में कार्यक्रम का शुभारंभ हवन से किया गया। इसके बाद विधायक निखिल मदान ने प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में कलाकारों व विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने हरियाणवी नृत्य प्रस्तुत कर समा बांधा। उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि महोत्सव के दूसरे दिन 10 दिसंबर को सेमिनार का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जिला के विभिन्न वक्ता गीता पर लोगों को अपना संदेश देंगे। महोत्सव के अंतिम दिन 11 दिसंबर को सुबह 11:30 बजे शोभायात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने बताया कि 11 दिसंबर को गीता जयंती समारोह की संध्या में दीपोत्सव व आरती का आयोजन किया जाएगा। गीता पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन होगा।