सोनीपत के खरखौदा में सोनीपत रोड स्थित पेट्रोल पंप के समीप अवैध रूप से संचालित एक रंगाई फैक्टरी पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम ने छापा डाला है। इस कार्रवाई में हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी भी शामिल है। फैक्टरी में नियमों को दरकिनार करते हुए जींस रंगने का अवैध कारोबार चल रहा था। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता के एसआई राज सिंह के नेतृत्व में टीम जींस रंगाई फैक्टरी में पहुंची। टीम के साथ प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से फील्ड ऑफिसर अनिल कुमार भी थे। जांच के दौरान टीम ने पाया कि फैक्टरी में उपयोग किए गए रसायन युक्त पानी को बिना ट्रीटमेंट के सीधे बाहर छोड़ा जा रहा था, जिससे पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंच रहा था। टीम ने फैक्टरी के संचालन में किसी भी प्रकार की स्वीकृत एनओसी या प्रदूषण नियंत्रण प्रणाली का अभाव पाया। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि अवैध रूप से छोड़ा गया रसायन मिश्रित पानी न केवल भूमि की उर्वरता को नुकसान पहुंचा रहा है, बल्कि आसपास के जल स्रोतों को भी प्रदूषित कर रहा है। इससे क्षेत्र की खेती योग्य भूमि व फसलें भी प्रभावित हो रही हैं। सीएम फ्लाइंग टीम ने फैक्टरी से जुड़े दस्तावेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि ऐसे अवैध व पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाले उद्योगों के ठोस कार्रवाई की जाएगी। टीम मौके पर जांच कर रही है।