पंचायत एवं विकास मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने सोनीपत रोड स्थित भाजपा जिला कार्यालय गोहाना में पत्रकार वार्ता की। मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती भाजपा धूमधाम से मनाएगी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम जिला, मंडल और बूथ स्तर तक आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि जिन स्थानों पर बाबा साहेब की प्रतिमाएं या लाइब्रेरी हैं, वहां 13 अप्रैल को स्वच्छता अभियान के तहत साफ सफाई की जाएगी और शाम को दीप प्रज्वलित किया जाएगा। 14 अप्रैल को उनकी प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी जाएगी। भाजपा 13 अप्रैल से 20 अप्रैल तक अंबेडकर जयंती को पखवाड़े के रूप में मनाएगी। जिसके तहत हर गांव या शहर में जहां 100 एससी परिवारों से ज्यादा रहते हैं वह बाबा साहेब का जीवन परिचय बताया जाएगा। उन्होंने कांग्रेस पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर का सम्मान नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि संविधान के निर्माता को कांग्रेस शासन में वह सम्मान नहीं मिला, जिसके वे हकदार थे। पंवार ने कहा कि बाबा साहेब के निधन के बाद उनकी अंत्येष्टि के लिए भी दिल्ली में उचित स्थान नहीं दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय तक कांग्रेस ने बाबा साहेब के विचारों और उनके योगदान को उचित महत्व नहीं दिया, जबकि भाजपा सरकार ने उनके सम्मान में कई कदम उठाए हैं और उनके विचारों को समाज तक पहुंचाने का काम किया है। पत्रकार वार्ता के बाद मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने एससी मोर्चा की बैठक को भी संबोधित किया और कार्यकर्ताओं से कार्यक्रमों को सफल बनाने का आह्वान किया। इस मौके पर जिला अध्यक्ष बिजेंद्र मलिक, जिला महामंत्री महेंद्र चिड़ाना, इंद्रजीत विरमानी, नरेश खानपुर, कृष्ण सैनी, डॉ. रमेश कश्यप, बलराम कौशिक, रीना शर्मा, डॉ. राममेहर राठी, बबलू बाल्मीकि, सरपंच पवन शर्मा, मुकेश रोहिल्ला, विपिन गोयल और हवा सिंह वर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।