हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की सामान्य पात्रता परीक्षा (सीईटी) 2025 देने रेवाड़ी से सोनीपत आ रही महिला परीक्षार्थी की मौत हो गई। इस हादसे में अंजना का परिवार घायल हो गया। हादसा खरखौदा-सोनीपत मार्ग पर एनएच-334बी के ड्रेन नंबर आठ के पास हुआ। इस हादसे में अंजना, उनकी 10 महीने की बेटी याश्विन, और देवर सिद्धार्थ गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके पति प्रदीप को हल्की चोटें आईं। जानकारी के अनुसार, रेवाड़ी के गांव भाड़ावास निवासी अंजना अपने पति प्रदीप, बेटी याश्विन, और देवर सिद्धार्थ के साथ आई-10 कार में सोनीपत सीईटी परीक्षा देने आ रही थीं। ड्रेन नंबर आठ के पास उनकी कार के आगे चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगाए, जिससे प्रदीप ने कार को कट मारने की कोशिश की। इस दौरान कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे की रेलिंग तोड़ते हुए सर्विस लेन पर पलट गई। हादसे के तुरंत बाद राहगीरों ने घायलों को खरखौदा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद अंजना, याश्विन, और सिद्धार्थ की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पीजीआई, रोहतक रेफर कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि हादसे की वजह ट्रक चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाना प्रतीत हो रहा है, जिसके कारण कार अनियंत्रित होकर पलट गई। मामले में ट्रक चालक के खिलाफ जांच की जा रही है। प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे सड़क पर सावधानी बरतें और समय से पहले केंद्रों के लिए निकलें। सीईटी परीक्षा के लिए सोनीपत में 70,000 से अधिक अभ्यर्थी हिस्सा ले रहे हैं, और जिला प्रशासन ने मुफ्त शटल बस सेवा सहित कई सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं।