लाहली के ग्रामीणों ने गांव में विकास कार्यों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। पंचायत की ओर से किए गए विकास कार्यों में भ्रष्टाचार, अवैध कब्जा व सरकारी धन के गबन की उच्च स्तरीय विजिलेंस जांच करवाने की मांग को लेकर ग्रामीण शुक्रवार को उपायुक्त कार्यालय पहुंचे। ग्रामीण मनजीत ने बताया कि वर्ष 2022 से वर्तमान ग्राम पंचायत की ओर से गांव में किए गए अधिकांश विकास कार्यों में सुनियोजित तरीके से भ्रष्टाचार, अनियमितताएं व सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया है। इससे गांव के विकास को भारी क्षति पहुंची है। उन्होंने कहा कि पंचायत से संबंधित लगभग 2-3 एकड़ भूमि पर अवैध कब्जा किया गया और 35-40 हरे पेड़ों को काटकर बिना किसी सरकारी प्रक्रिया के अवैध रूप से बेच दिया गया। पंचायत भूमि व अन्य सार्वजनिक भूमि (वक्फ बोर्ड के पास) पर सीमेंटेड चारदीवारी कर निजी कब्जा किया गया व अपने चहेतों को लाभ पहुंचाया गया। फिरनी से लगती कृषि योग्य भूमि को बिना नीलामी व बिना सरकारी अनुमति के मनमाने तरीके से अपने परिचितों के नाम दर्शाकर स्वयं ही ले लिया गया। इस दौरान ग्रामीण सानू, संदीप, प्रदीप, अमित, राजकुमार व सुरेंद्र आदि ग्रामीण मौजूद रहे।