संवाद न्यूज एजेंसी रोहतक। पेपर लीक के खिलाफ चल रहे छात्र युवा आंदोलन के समर्थन में रोहतक के सामाजिक संगठनों ने बड़ा फैसला लिया है। संगठनों ने 24 जुलाई को आंबेडकर चौक पर रात जागो-देश जागो कार्यक्रम करने का निर्णय लिया है।मानसरोवर पार्क में वीरवार को हुई बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ सर्जन डॉ. आरएस दहिया ने की। उन्होंने कहा कि देशभर के हजारों छात्र पेपर लीक के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं लेकिन सरकार ने उन पर लाठीचार्ज करवाया और आंसू गैस दागी। शांतिप्रिय आंदोलनकारियों पर एफआईआर दर्ज करना निंदनीय है। डॉ. दहिया ने मांग की कि पेपर लीक के लिए जिम्मेदार केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें और परीक्षाएं करवाने में नाकाम एनटीए को भंग किया जाए। उन्होंने सरकार से तानाशाही छोड़ छात्रों की मांगें मानने की अपील की। बैठक में सीटू के विनोद, मनजीत पांचाल, एडवोकेट अतर सिंह हुड्डा, बिजेंद्र बलियाना, राजकुमारी दहिया, प्रीत सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।