रोहतक में दिल्ली डिपो की बस के चालक और परिचालक को पुलिस हिरासत में लेने के विरोध में गोहाना के सांझा कर्मचारी संघ ने जोरदार प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने साफ कहा कि जब तक दोनों कर्मचारियों को छोड़ा नहीं जाता, उनका आंदोलन जारी रहेगा। सांझा मोर्चा गोहाना के अध्यक्ष अशोक पांचाल ने बताया कि इस घटना के बाद रोहतक डिपो को भी बंद कर दिया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पूरे हरियाणा में चक्का जाम किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। कर्मचारियों के अनुसार, रोहतक बस स्टैंड के पास हरियाणा रोडवेज के सामने एक पुलिस कर्मचारी की कार आने को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसके बाद पुलिस ने बिना दोनों पक्षों की बात सुने बस के चालक और परिचालक को हिरासत में ले लिया, जो गलत है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि ड्यूटी के दौरान इस तरह की कार्यवाही कर्मचारियों के साथ अन्याय है और इसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अगर दोनों पक्षों की बात सुन कर उचित कार्यवाही नहीं हुई तो आंदोलन और तेज हो जाएगा।