रोहतक जिले के खेतों में रबी की फसलों की बुवाई का समय चल रहा है। लेकिन पर्याप्त मात्रा में डीएपी खाद नहीं मिलने के कारण किसान फसलों की बुवाई का काम पूरा नहीं कर पा रहे हैं। खाद केंद्रों पर खाद लेने के लिए किसान चक्कर लगा रहे हैं। केंद्रों पर खाद का रैक आने पर किसानों को घंटे भर लाइन में लगने के बाद भी आवश्यकता के अनुसार खाद नहीं मिल पा रही है। इस कारण किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसको लेकर किसानों ने प्रदर्शन भी किया। गेहूं की फसलों मे बिजाई के दौरान डीएपी की जरूरत पड़ती है। इसके लिए किसानों को चक्कर लगाना पड़ रहा है। किसान हरपाल, जयबीर गुलिया, प्रदीप, मनजीत और संदीप का कहना है कि पिछले एक माह से डीएपी उन्हें नहीं मिल पा रहा है। खाद और कृषि उत्पादों के व्यापारी भी सीजन के बावजूद उर्वरकों की पर्याप्त आपूर्ति न कर पाने से निराश हैं।