माई सिटी रिपोर्टर रोहतक। भाजपा नौकरियां परचून की दुकान के सामान की तरह बेच रही है। कुरुक्षेत्र में भाजा अध्यक्ष की कॉल रिकॉर्डिंग वायरल हुई है। इससे पता चलता है कि यह सरकार कौशल निगम की कच्ची नौकरियों से लेकर पक्की भर्तियों तक को खुलेआम बेच रही है। यह कहना है पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा का। वह सोमवार को अपने डी-पार्क स्थित निवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। पूर्व सीएम ने कहा कि कांग्रेस ने सड़क से लेकर सदन तक नौकरी का मुद्दा उठाया। बाकायदा तमाम तथ्य व सबूत सरकार के सामने रखे। हरियाणा की नौकरियों को बेचने में मशगूल सरकार, सत्ता की मस्ती में मदमस्त है। नीट का पेपर दोबारा हुआ। इस पर भी सवालिया निशान लग गए। पेपर लीक कराने के आरोप में रोहतक में ही दो डॉक्टर पकड़े गए। ऐसी ही धांधली लगातार एचएसएससी-एचपीएससी की भर्तियों में हो रही है।