रोहतक। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की एमडीयू इकाई ने सोमवार को छात्रों की 12 सूत्रीय मांगों को लेकर महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के कुलपति सचिवालय का घेराव किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और विश्वविद्यालय प्रशासन व सुरक्षा कर्मियों के बीच धक्का-मुक्की की गई। कार्यकर्ताओं ने कुलपति को मांगों का ज्ञापन सौंपा। एबीवीपी ने वार्षिक 10 प्रतिशत फीस वृद्धि वापस लेने, री-अपीयर, रिवैल्यूएशन व माइग्रेशन फीस में बढ़ोतरी रोकने और मांग वाले पाठ्यक्रमों में 20 प्रतिशत सीटें बढ़ाने की मांग की। इसके अलावा सेल्फ फाइनेंस कोर्स का बजट तय करने, कक्षाओं में बेहतर प्रकाश व्यवस्था, परिसर की सफाई, कैंटीन-बूथ पर निर्धारित रेट लिस्ट लगाने और छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई। बॉयज व गर्ल्स हॉस्टल में सफाई, पेयजल व हाइजीन की समस्याएं दूर करने तथा सिक्योरिटी फीस लौटाने की भी मांग की गई। एबीवीपी उपाध्यक्ष रवि खिलेरी ने कहा कि मांगें तय समय में पूरी नहीं हुईं तो अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा।