नवरात्र के पांचवें दिन शुक्रवार को श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के पांचवें स्वरूप मां स्कंदमाता की श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना की। मान्यता है कि मां स्कंदमाता की आराधना करने से भक्त को ज्ञान, वैराग्य और मोक्ष की प्राप्ति होती है। सुबह से ही विभिन्न मंदिरों में भक्तों का आना-जाना शुरू हो गया और दिनभर मां की जयकारों से वातावरण गूंजता रहा। श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में दीप-धूप अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की। कई भक्तों ने व्रत रखकर पूरे दिन भजन-कीर्तन किए और शाम की आरती में शामिल होकर आध्यात्मिक आनंद का अनुभव किया। शहर के प्रमुख मंदिरों बारा हजारी दुर्गा मंदिर, राधा कृष्ण मंदिर (मॉडल टाउन), बड़ा तालाब स्थित देवी मंदिर, कुतुबपुर का श्री गोसाईं मंदिर सहित अन्य देवी स्थलों पर विशेष सजावट की गई। इन सभी स्थानों पर सुबह से देर शाम तक श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। नवरात्र पर्व के चलते मंदिरों में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है और हर कोई मां दुर्गा के चरणों में मत्था टेक कर आशीर्वाद प्राप्त कर रहा है।