रेवाड़ी के मीरपुर स्थित इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय में चल रहे युवा महोत्सव के अंतिम दिन आज पांच विभिन्न स्टेज पर सात विधाओं में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मुख्य स्टेज की सुबह कव्वाली के नाम रही और दिन में ग्रुप डांस हरियाणवी की मस्ती का सभी ने जमकर आनंद उठाया। जबकि स्टेज नंबर दो पर हरियाणवी आर्केस्ट्रा के अंतर्गत पारंपरिक वाद्य यंत्रों बीन, चिमटा, बैंजो, मंजीरा, घरहा (मटका), डेरु, घुंघरू, डफली के संयोजन से निकलने वाली मस्ती भरी स्वर लहरियों का सभी ने जमकर आनंद उठाया और दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। स्टेज 3 पर हरियाणवी परंपराओं भात, विवाह, बेटी की विदाई, कुआं पूजन, छूछक आदि का मंचन रिचुअल्स के अंतर्गत किया गया। स्टेज 4 पर दिए दिए गए विषय पर अपने भाषण कौशल को प्रदर्शित करने वाली कला एलोक्यूशन पर प्रतिभागियों ने 'प्रदूषण जिम्मेदार कौन' विषय पर अपने विचार रखें। स्टेज 7 पर ललित कला के अंतर्गत मेहंदी एवं रंगोली प्रतिस्पर्धा में प्रतिभागियों ने अपने हुनर का प्रदर्शन किया।